कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल 2027 से पहले टीम में बड़े बदलाव करना आसान नहीं होगा। तीन बार खिताब जीत चुकी यह टीम पिछले दो सीजन में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। ऐसे में मिनी ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी को अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, फिटनेस और कीमत का हिसाब लगाना होगा।
इस टीम में तीन खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्हें केकेआर आगामी सीजन से पहले रिलीज करने पर विचार कर सकती है। इनमें कुछ बड़े नाम ऐसे हैं, जिन पर फ्रेंचाइजी ने काफी पैसा खर्च किया था लेकिन मैदान पर उन्हें उस इन्वेस्टमेंट का पूरा फायदा नहीं मिल सका। इस सूची में सबसे बड़ा नाम ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का है।
केकेआर ने आईपीएल 2026 की नीलामी में उन्हें 25. 20 करोड़ रुपये की भारी कीमत पर खरीदा था। ग्रीन ने 14 मैचों में 322 रन बनाए और सात विकेट भी लिए।
उनका योगदान उपयोगी रहा, लेकिन इतनी बड़ी कीमत के हिसाब से फ्रेंचाइजी उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर सकती थी। उन्हें रिलीज करने से केकेआर को नीलामी के लिए बड़ी रकम मिल सकती है। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक अपनी रफ्तार के लिए पहचाने जाते हैं लेकिन केकेआर में उन्हें नियमित मौके नहीं मिले।
आईपीएल 2026 में वह पूरे सीजन प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना सके। टीम के पास वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी जैसे विकल्प भी हैं। ऐसे में केकेआर अपनी गेंदबाजी की जरूरतों के मुताबिक उमरान को रिलीज करने का फैसला कर सकती है।
अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे भी रिलीज किए जाने लायक खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह आईपीएल के शुरुआती सीजन से इस लीग का हिस्सा रहे हैं लेकिन अब टीमों में उनकी भूमिका सीमित होती जा रही है। केकेआर के पास अंगकृष रघुवंशी जैसे युवा बल्लेबाज हैं, जिन्हें आगे बढ़ाने पर फ्रेंचाइजी ध्यान दे सकती है।
ऐसे में मनीष की जगह किसी युवा और अधिक सक्रिय विकल्प को मौका मिल सकता है। मनीष पांडे अब अपने करियर के आखिरी पड़ाव की तरफ हैं, केकेआर को अब किसी अन्य प्लेयर के बारे में सोचते हुए पांडे को रिलीज करना चाहिए। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं