Gangarampur Wife Murder Case: पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर में एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने स्थानीय लोगों को दहला दिया। 47 वर्षीय रिंटू घोष पर अपनी 42 वर्षीय पत्नी सीमा सरकार की हत्या करने का आरोप है। हत्या के बाद आरोपी कथित तौर पर पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर पड़ोस के एक मंदिर में जाकर बैठ गया।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़ी परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक घरेलू विवाद इतना भयावह रूप ले बैठा? Who Was Sima Sarkar: कौन थीं सीमा सरकार? सीमा सरकार 42 साल की थीं और दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर में अपने परिवार के साथ रहती थीं।
उनके पति रिंटू घोष की उम्र 47 साल बताई गई है। दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र करीब 5 साल और दूसरे की उम्र लगभग 12 साल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से संबंध ठीक नहीं चल रहे थे।
परिवार और पड़ोसियों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनके बीच का विवाद इस हद तक पहुंच जाएगा। पुलिस की शुरुआती जांच , वारदात घर के भीतर हुई। घटना के समय बच्चों के घर पर मौजूद होने की जानकारी भी सामने आई है।
इस घटना ने परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुधवार यानी 4 नवंबर, को रिंटू घोष पड़ोस के एक मंदिर में चुपचाप बैठा था। एक पड़ोसी ने जब उसके पास जाकर पूछा कि क्या हुआ है, तो उसके हाथ में पत्नी का कटा हुआ सिर देखकर वह घबरा गया।
पड़ोसी की चीख सुनकर आसपास के लोग जमा होने लगे। इसके बाद आरोपी मंदिर से बाहर आया। उसके एक हाथ में पत्नी का सिर और दूसरे हाथ में खेती में इस्तेमाल होने वाला धारदार हथियार था, जिसे कटारी बताया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने महिला का सिर बरामद किया। जांच के दौरान घर से महिला का बिना सिर वाला शव भी मिला।
पुलिस जब आरोपी को गिरफ्तार करके ले जा रही थी, तब उसने कथित तौर पर चिल्लाकर कहा कि मैं साइको हो गया हूं। पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद को हत्या की संभावित वजह बताया गया है। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पड़ोसियों का कहना है कि दंपति के रिश्ते पिछले कुछ समय से तनावपूर्ण थे। दूसरी ओर, आरोपी के रिश्तेदार राजेश प्रमाणिक ने बताया कि रिंटू का व्यवहार हाल के दिनों में बदल गया था। उनके मुताबिक, उसने सख्त शाकाहारी भोजन करना शुरू कर दिया था और उसका व्यवहार असामान्य लगने लगा था।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं